खेकड़ा (बागपत)। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर खेकड़ा के निकट टायर फटने से महिंद्रा पिकअप गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर चीख पुकार मच गई। यहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पिकअप सवार 40 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल और सीएचसी खेकड़ा में भर्ती कराया । जिला अस्पताल में लखीमपुर खीरी के एक युवक की मौत हो गई। कई घायलों की हालत गंभीर बनीं हुई है।
पंजाब के जिला पटियाला में धान की रोपाई के लिए लखीमपुर खीरी से मजदूरों को पिकअप में बैठाकर ले जाया जा रहा था। पिकअप में करीब 54 मजदूर बताए जा रहे हैं। गाड़ी को पंजाब के पटियाला निवासी परमजीत चला रहा था। मंगलवार की रात में करीब साढे़ आठ बजे जब वह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर खेकड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम के सामने पहुंचा। तभी अचानक पिकअप का टायर फट गया। टायर फटने से पिकअप अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस वे पर पलट गई। पिकअप पलटने से एक्सप्रेस वे पर चीख पुकार मच गई। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने वाहनों को रोककर अन्य वाहन चालक भी घायलों को पिकअप से बाहर निकालने मे जुट गए। खेकड़ा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को निकालकर सीएचसी खेकड़ा और बागपत जिला अस्पताल भजा। जिला अस्पताल में लखीमपुर खीरी के डलवापुर निवासी मुकेश पुत्र रामचंद्र की मौत हो गई। अन्य कई घायलों की हालत गंभीर बनीं हुई है। एडीएम अनिल कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
हादसे में घायल
बागपत। खेकड़ा सीएचसी में घायल अरूण पुत्र लक्ष्मण लखीमपुर, सुदेश पुत्र सुंदर, अंतिम पुत्र मलखान, दिवाकर पुत्र साधु, रजनीश पुत्र मिश्री लाल, छोटेलाल पुत्र महेश, अनुज पुत्र सुंदर लाल, सतीश पुत्र राम सहाय, राम तीरथ भर्ती कराए गए हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल में अमित पुत्र राजाराम, महानंद पुत्र रामनिवास निवासी पुरवा, उदल सिंह जलालपुर, सुरेश निवासी बरगदिया, राज कुमार डलवापुर, अशोक और योगेश, दिवाकर, अनुज, चुन्नू, राजेश, राम खिलावन, संतोष, राम सिंह, कपिल, महानंद, अनिल, सर्वेश, सतीश, अनिल, महावीर, दिलीप, मनोज, अमित, बिजेंद्र, अरुण समेत 40 मजदूर घायल हुए हैं। इनमें अधिकतर लखीमपुर खीरी के डलवापुर और बरगदिया गांव के रहने वाले हैं। सीतापुर जिले के अंतिम और मुकेश भी घायल हुए हैं।
जिला अस्पताल में कम पड़ गए इंतजाम
बागपत। घायलों के पहुंचते ही जिला अस्पताल के इंतजाम भी कम पड़ गए। स्वास्थ्यकर्मियों की कमी नजर आई। घायल और तीमारदार खुद ग्लूकोज की बोतल लेकर इधर उधर जाते दिखे। बेड भी कम पड़ गए। कई घायल इधर उधर ही भटकते रहे।
पंजाब के नाभा जा रहे थे मजदूर
बागपत। लखीमपुर खीरी से मजदूर पंजाब के नाभा गांव में धान की रोपाई के लिए जा रहे थे। पंजाब का ठेकेदार इन मजदूरों को लेकर पिकअप से जा रहा था।
एक्सप्रेस-वे से जिला अस्पताल तक मच गई चीख पुकार
बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल पर हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। यही नहीं यहां पर पहुंची एंबुलेंस भी कम पड़ गई। मजदूरों को आनन-फानन में किसी तरह जिला अस्पताल तक लाया गया। यहां से गंभीर घायलों को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी चीख पुकार मची रही।
लोगों ने की मदद, मजदूरों को किसी तरह निकाला
बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल से गुजर रहे वाहन चालकों ने मदद की। वाहन रेाककर हादसे में घायलों को पिकअप से किसी तरह निकाला। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस पहुंची।
सामान ढुलाई का वाहन, भर ली 54 सवारियां
बागपत। महिंद्रा पिकअप में ड्राइवर के पास दो से पांच सवारी ही बैठ सकती है। इसके अलावा पीछे सामान भरा जाता है। पिकअप में तमाम मानक ताक पर रख दिए गए। लखीमपुर खीरी से 54 मजदूरों को बैठा लिया गया। सवारियों की संख्या अधिक होने के चलते दब जाने से भी कई मजदूर घायल हुए हैं।
सीमेंट का एक्सप्रेस-वे, टायर फटने का रहता है खतरा
बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे सीमेंट से बनाया गया है। गर्मी के मौसम में यहां टायर फटने की संभावना अधिक रहती है। पिछले दो दिन से अत्यधिक गर्मी पड़ रही है। हादसे की एक वजह यह भी हो सकती है।