खेकड़ा (बागपत)। डीएम और एसपी ने खेकड़ा तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्या सुनकर अधिकारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर निस्तारण कराने के कडे़ निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, इनमें से पांच शिकायतों का निस्तारण हुआ।
डीएम पवन कुमार व एसपी शैलेेष कुमार पांडे मंगलवार को खेकड़ा तहसील में जन समस्या सुनने पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों के शिकायती पत्र प्राप्त होते ही तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि समय से मौके पर निस्तारण किया जा सके। यदि संबंधित विभाग समय से जन समस्याआें को सुनकर निस्तारण करें तो तहसील दिवस में शिकायतों का ग्राफ कम हो जाएगा। जन सामान्य के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिया जाना सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने हिदायत दी कि जो भी शिकायत प्राप्त हो रही हैं, उन्हें जल्द से जल्द निस्तारित करें।
मंगलवार को समाधान दिवस में 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, इनमें पांच का मौके पर निस्तारण किया, इनमें 3 राजस्व विभाग की शिकायतें रही। इसमें ग्राम गढ़ी कलंजरी निवासी किसान का नाम खतौनी में रतन पाल की जगह रतन लाल था। डीएम ने उनका नाम मौके पर ही संशोधित कराया। खेकड़ा नगर पालिका से संबंधित मृत्यु प्रमाणपत्र की शिकायत प्राप्त हुई, अलीमन नामक मृतक महिला के परिजनों को मृत्यु प्रमाणपत्र दिया । समाज कल्याण विभाग में पेंशन संबंधित शिकायत को डीएम ने मौके पर निस्तारित कराया। डीएम ने विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत लंबित न रखी जाए। शासन जन समस्याओं के निस्तारण के प्रति अत्यधिक गंभीर है। सभी शिकायतें ऑनलाइन की जा रही है। इनके निस्तारण की गुणवत्ता की लखनऊ मुख्यालय पर भी नियमित रूप से समीक्षा की जाती है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह में शिकायत का निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराई जाए। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान उपजिलाधिकारी पुलकित गर्ग, जिला विकास अधिकारी हुबलाल, कृषि उपनिदेशक प्रशांत कुमार समेत संबंधित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।