बड़ौत (बागपत)।
जनता वैदिक कॉलेज के मैदान में मंगलवार को फिजिकल टेस्ट के अंतिम दिन बागपत के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। सेना भर्ती के दौरान 588 अभ्यर्थियों ने ही दौड़ परीक्षा पास की, जबकि 2099 अभ्यर्थी प्री हाइट में बाहर निकल गए।
कर्नल कुलदीप सिंह, कर्नल एनएस मान और सूबेदार मेजर तेजमल ने बताया कि मंगलवार को जनपद बागपत के अभ्यर्थियों का सेना में भर्ती होने के लिये फिजिकल टेस्ट कराया गया। सेना भर्ती के लिए जनपद के 10716 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6739 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। जबकि 2099 अभ्यर्थी प्री-हाइट में बाहर निकले। इसके बाद कुल 4640 अभ्यर्थी दौड़ परीक्षा मेें शामिल हुए। इनमें से 588 अभ्यर्थियों ने दौड़ परीक्षा पास की। उन्होंने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में सात जनपदों के 78 हजार के लगभग अभ्यर्थी पंजीकरण हैं। इनमें से 46699 अभ्यर्थी ही सेना भर्ती में शामिल हो सके हैं।
सेना भर्ती - अभ्यर्थियों का समर्थकों ने बढ़ाया हौसला
बड़ौत (बागपत)।
बागपत-बड़ौत तहसील क्षेत्र से सेना की भर्ती में आए अभ्यर्थियों के साथ आए उनके समर्थक भी ट्रैक्टर व अन्य वाहनों से जय जयकार के नारे लगाते हुए आए। वहीं भर्ती स्थल के आसपास भी सेना भर्ती में सबसे ज्यादा भीड़ दिखाई दी। भर्ती स्थल के चारों तरफ मकानों और दुकानों की छतों और सड़कों पर भीड़ जमा रही। इस भीड़ में मौजूद समर्थकों ने दौड़ परीक्षा के दौरान अपने अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाया।
मंगलवार को बागपत और बड़ौत तहसील क्षेत्र के अभ्यर्थियों की सेना भर्ती में भाग लेने के लिए सोमवार को ट्रैक्टर और ट्राली व अन्य वाहनों पर सवार लोग नारे लगाते हुए सेना भर्ती स्थल पर पहुंचे। देर शाम तक नगर की सड़कों पर अभ्यर्थियों और उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही। जहां देखो वहां पर रात्रि मेें अभ्यर्थी व उनके समर्थक फुटपाथ सहित अन्य स्थलों पर लेटे नजर आए। मंगलवार को सुबह के समय सेना भर्ती के दौरान जहां अभ्यर्थी दौड़ लगाने के लिए स्थल पर जा रहे थे, वहीं उनके समर्थक भर्ती स्थल के चारों ओर जमा थे, इतना ही नहीं मकानों , दुकानों, पेड़ों, सड़कों और ट्रकों पर भीड़ जमा रही और जैसे ही उनका परिचित दौड़ परीक्षा में भाग लेते तो उसके समर्थन उसका हौसला बढ़ाते नजर आए।