बड़ौत (बागपत)। स्वास्थ्य सेवाओं को ओर बेहतर बनाने के लिए बुधवार को एसीएमओ ने सीएचसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां कई खामियां मिली, वहीं दवाई लेने के लिए पूरे दिन मरीज इधर से उधर भटकते रहे। इससे आक्रोशित मरीजों ने हंगामा किया।
एसीएमओ डा. अश्वनी अरोरा ने बुधवार को सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी पर गंदगी मिलने से एसीएमओ ने नाराजगी हाजिर की। इस दौरान कई कर्मचारी गायब मिले। सीएचसी अधीक्षक डा. विजय कुमार से जब गायब कर्मचारियों के संबंध में एसीएमओ ने बातचीत की तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। हद तो तब हो गई जब सुबह से लाइन में लगे कई मरीजों को दवाई नहीं मिल पाई, इससे आक्रोशित मरीजों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि सीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाएं कई दिन से राम भरोसे चल रही हैं। शिकायतों पर भी सीएचसी अधीक्षक अनसुना कर देते हैं, इससे मरीजों में आक्रोश पनपता जा रहा है। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डा. विजय कुमार का कहना था कि हाल ही मेें उनकी तैनाती हुई है, शीघ्र ही व्यवस्था बेहतर कर दी जाएगी। आक्रोश जताने वालों में अनिल, सुनील, प्रमोद, हरेंद्र, संजीव, निखिल, रूबीना, शबीना, रुकसाना, आबिदा, रूबी शामिल रहे।