दोघट (बागपत)। प्राथमिक विद्यालय नंबर दो आजमपुर मुलसम के पास मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके चलते छात्र-छात्राओं को गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है। शिकायत के बाद भी समस्या से निजात नहीं दिलाई जा रही है।
स्कूल में जाने वाले मुख्य रास्ते पर छह माह से कीचड़ और गंदा पानी भरा हुआ है। स्कूल आने-जाने के लिए इसके अलावा और कोई दूसरा रास्ता भी नहीं है। इसी रास्ते से मौहम्मदपुर खूंटी, नंगला कनवाड़ा, फौलादनगर, बरनावा आदि गांवों के ग्रामीणों का आना-जाना रहता है। चुनाव के समय तो ग्राम प्रधान द्वारा इस रास्ते का पानी निकलवा दिया गया था, लेकिन उसके बाद सड़क पर फिर से जल भराव की समस्या बनी हुई है। स्कूल के प्रधानाध्यापक रजनेश कुमार ने बताया कि स्कूल के बाहर जलभराव रहने के कारण छात्र-छात्राएं कीचड़ में गिरकर चोटिल हो जाते हैं या फिर कपड़े गंदे होने के कारण बच्चें दोबारा वापस स्कूल नहीं आ पाते। इसकी शिकायत भी उच्चाधिकारियों से की जा चुकी है। लेकिन समस्या से निजात नहीं दिलाई गई।