दोघट (बागपत)। थाना पुलिस ने आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए कार्ययोजना तैयार की है। पूर्व की घटनाओं में जेल गए अपराधियों की कुंडली खंगाली जा रही है। दस साल पुराने रिकार्ड से 108 अपराधियों को चिह्नित किया है। पुलिस उनकी वर्तमान स्थिति का पता लगाएगी।
पुलिस ने थाने में रखे दस साल पुराने रिकॉर्ड से लूट, अपहरण, चेन स्नेचिंग, चोरी, फिरौती, डकैती आदि की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर अपराधियों की सूची तैयार की है, ताकि अपराधों पर नियंत्रण किया जा सके। एसओ अजय शर्मा ने बताया कि पुराने रिकार्ड खंगालने से कुछ ऐसे अपराधियों के नाम प्रकाश में आए हैं जो अपराध तो करते रहते हैं, लेकिन पुलिस की नजरों से बचे हुए हैं। ऐसे 108 अपराधियों के नाम रिकॉर्ड से निकाले गए। जिन्होंने थाना क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम दिया है। चाहे वह जनपद के हो या जनपद से बाहर के रहने वाले हों। अपराधियों की वर्तमान स्थिति का पता लगाया जाएगा। सक्रिय अपराधियों पर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर व जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी।