दाहा (बागपत)। नंगला कनवाड़ा गांव में जलनिकासी की समस्या है। रविवार को गांव के लोगों ने पंचायत की। इसमें निर्णय लिया गया कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। इसके लिए आंदोलन चलाया जाएगा। गांव के लोग इससे त्रस्त है। जलभराव की समस्या रहती है।
बिनौली ब्लॉक के नंगला कनवाड़ा गांव में जलनिकासी न होने के कारण जलभराव से लोग जूझ रहे है। संक्रामक बीमारियां फैलती जा रही हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। रविवार को गांव के लोगों ने जल निकासी के विरोध में शेखवाला मोहल्ला में पंचायत की। इसमें वक्ताओं ने कहा कि चुनाव के समय सभी पार्टी के नेता वोट मांगने आते हैं और वादे करके चलते जाते हैं। चुनाव समाप्त होते ही सब वादे भूल जाते हैं। गांव की समस्या को विधायक और सांसद तक से कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों घरों में पानी भर जाता है। भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो जाती है। ग्रामीणाें ने चेतावनी दी कि जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। ग्राम प्रधान मांगेराम चेयरमैन ने कहा प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समाधान नहीं निकला। पंचायत की अध्यक्षता इमाम अली ने की। संचालन डॉ. शब्बीर अहमद ने किया। इसमें इकबाल, मीर हसन, पवित कुमार, यशवीर, इकरामू, खुरशेद, असगर, मुस्तफा, शौकत, शकील मौजूद रहे।