बागपत। किसानों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के 23 दिसंबर को होने वाले जन्म दिन को जिला स्तर पर ‘किसान सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। कृषक गोष्ठी, कृषि मेला, प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए आदेशित किया है। कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने कार्यक्रमों से अवगत कराया और कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्म दिन 23 दिसंबर को कृषक दिवस के रूप में मनाया जाता है। सूबे की सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ‘किसान सम्मान दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया। इस दिन किसान गोष्ठी, प्रदर्शनी, कृषि मेले और किसानों को सम्मानित करने का कार्यक्रम निर्धारित किए हैं। जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर किसान सम्मान दिवस का आयोजन होगा। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि या मंत्रियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहकारिता, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास, रेशम, गन्ना विभाग सहभागिता सुनिश्चित होगी। कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने डीएम को निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए निर्देशित किया।