बागपत। नगर पालिका की ओर से वार्ड प्रतिस्पर्धा पर स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने लोगों को स्वच्छता की जानकारी दी। किस प्रकार से अपने क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया जा सकता है, इस बारे में स्लोगनों के माध्यम से जागरूक किया।
नगर पालिका परिषद दफ्तर से वार्ड प्रतिस्पर्धा और स्वच्छ सर्वेक्षण-2019 के संबंधि में जागरूकता रैली का शुभारंभ ईओ ललित कुमार आर्य ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। स्कूली बच्चों ने लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया और गंदगी से होने वाले नुकसान को स्लोगनों के माध्यम से बताया। नगर पालिका में रैली का समापन के बाद कार्यशाला का आयोजन किया गया। ईओ ने कहा कि गंदगी से लोगों की सेहत बिगड़ती है। इससे आर्थिक, मानसिक नुकसान भी होता है। अपने आस-पास सफाई रखने से काफी फायदा पहुंचता है। छोटी सी पहल स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में नगर पालिका को प्रथम स्थान दिला सकती है। चेयरमैन रोजूद्दीन, वरिष्ठ लिपिक महेश शर्मा, शीतल कुमार चौहान, दीपक कुमार यादव सहित अन्य कर्मचारी और शिक्षक मौजूद रहे।