बड़ौत (बागपत)। सोमवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर शहर के अधिकांश एटीएम में नकदी का संकट रहा। इस कारण एटीएम से रुपये निकलने को लेकर ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर मेें भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, सिंडिकेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, ओरियंटल बैंक व कैनरा बैंक सहित एक दर्जन से अधिक बैंकों के एटीएम रविवार को अवकाश के चलते और सोमवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के चलते खाली पड़े रहे। अधिकांश एटीएम के शटर डाउन थे। जिस कारण ग्राहकों को रुपये निकालने को लेकर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्राहक मोहित का कहना था कि पैसा निकालने के लिए बिनौली रोड, महावीर मार्ग मेें कई एटीएम पर गया, किसी में पैसा नहीं मिला। ग्राहक आदित्य ने कहा त्योहारी सीजन में एटीएम व्यवस्था ध्वस्त रहती है। कई एटीएम में जाने के बाद भी पैसे नहीं मिले। इससे ग्राहकों में बैंक अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश पनपता जा रहा है।