बागपत। अंतर जनपदीय स्थानांतरण होकर आए 115 शिक्षकों की सोमवार को काउंसिलिंग होगी। इसके बाद जिले के रिक्त पदों पर अध्यापकों की तैनाती होगी। समिति के सामने विद्यालयों का आवंटन किया जाएगा। काउंसिलिंग की समिति के अध्यक्ष डायट प्राचार्य हैं।
दूसरे जिले में तबादला कराने के लिए अप्रैल माह में प्रक्रिया शुरू हुई । इसमें शिक्षकों ने अपने सुविधा अनुसार आसपास के जनपदों का चयन कर आवेदन किया । मई-जून में इसकी प्रक्रिया को पूरा किया। जिले तो 45 शिक्षकों का बाहरी जनपदों के लिए तबादला हुआ। ये सभी जून माह में ही अपने जनपदों के लिए रवाना हो गए । बागपत जिले में अन्य जनपदों से 115 शिक्षकों स्थानांतरित होकर आए। दो जुलाई से शैक्षिक सत्र शुरू हो गया । इसी बीच बीएसए का तबादला होने के कारण शिक्षकों की काउंसिलिंग में बाधा पहुंच रही थी। इससे विद्यालयों में शिक्षकों की कमी खल रही है। शासन ने मामला संज्ञान में लिया। संबंधित अधिकारियों को शिक्षकों की तैनाती के लिए निर्देशित किया।
बीएसए चंद्रकेश सिंह यादव ने बताया कि अब काउंसिलिंग के लिए सोमवार का दिन निर्धारित हो गया। समिति के अध्यक्ष डायट प्राचार्य है। जिनके सानिध्य में शिक्षकों का विद्यालयों का आवंटन होगा। समिति के वह खुद सदस्य सचिव है और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बागपत की प्रधानाचार्य, डीएम द्वारा नामित प्रतिनिधि सदस्य है। उनके बीच में शिक्षकों का विद्यालयों का आवंटन किया जाएगा। बीएसए ने बताया कि शिक्षकों के सामने विद्यालयों की सूची को रख दी जाएगी। जिसको जो विद्यालय चाहिए, उसका ही शिक्षकों को आवंटन कर दिया जाएगा।