बड़ौत (बागपत)। दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राचार्य से मुलाकात की और समस्याओं का समाधान कराने की मांग उठाई।
बुधवार को छात्र नेता प्रियवत राणा के नेतृत्व में काफी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र हुए और प्राचार्य डा. वीरेंद्र सिंह से मिले। उनका कहना था कि कुछ दिनों बाद कॉलेज में नए शिक्षा सत्र के तहत कक्षाएं संचालित होने वाली हैं। इससे पूर्व कॉलेज मेें तैनात सभी प्रोफेसरों की बैठक लेकर उन्हें प्रत्येक छात्र की शिक्षा पर ध्यान देने की अपील की। कॉलेज के बाहर सक्रिय मनचलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन से मदद मांगी जाए। दूरदराज व नगर की रहने वाली छात्राएं कॉलेज में आती हैं तो मनचले उनके साथ अश्लील हरकतें करते हैं। इस कारण छात्राएं भयभीत रहती हैं। उन्होंने इंटर की कक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों का बीए, बीएससी, बीकॉम आदि में रजिस्ट्रेशन कराने की सुविधाएं व पर्याप्त मात्रा में सीट उपलब्ध कराने की मांग उठाई, ताकि प्रवेश से कोई छात्र वंचित न रहे। प्राचार्य ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर पर व विवि के कुलपति से वार्ता कर छात्रों की समस्याओं का समाधान कराएंगे। इस दौरान मनु तोमर, आदित्य मलिक, अक्षय सिरसली, बबलू, राहुल प्रधान, सचिन, मीनू, साक्षी, अभय, विश्वास तोमर मौजूद रहे।