बागपत। विकास भवन के कर्मचारियों को खाने-पीने के सामान लेने के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सीडीओ चांदनी सिंह ने विकास भवन में प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ कर दिया है।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत जिले के 21 विभागों में प्रेरणा कैंटीन खुलेगी। जिसकी शुरूआत विकास भवन परिसर से हो गई है। मवी कलां गांव के कबीर महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इसका आवंटन हुआ है। बुधवार को सीडीओ चांदनी सिंह ने इसका फीता काटकर शुभारंभ किया। डीडीओ हुब लाल ने बताया कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत महिलाओं समूहों को इसका लाभ दिया जा रहा है। समूह की अध्यक्ष बिमलेश, सचिव सुनीता और कोषाध्यक्ष संजीदा मौजूद रही।