बड़ौत (बागपत)।
विगत चार माह से मानदेय न मिलने के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे संविदा कर्मचारियों के पक्ष में विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारी उतर आए हैं। शुक्रवार को बावली गांव में हुई पंचायत में जिलाध्यक्ष ने ठेकेदार को दो टूक चेतावनी दी यदि उन्होंने जल्द ही संविदा कर्मचारियों को मानदेय नहीं दिया तो उग्र आंदोलन शुरू होगा। साथ ही ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने के लिए विद्युत निगम के अफसरों पर दबाव बनाया जाएगा।
पंचायत की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर ने की। संचालन जिला महामंत्री सुरेंद्र तोमर ने किया। इससे पूर्व संविदा कर्मचारियों ने जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह का शामली डिवीजन से एक्सईएन द्वितीय दफ्तर बिनौली रोड पर स्थानांतरण होने पर स्वागत किया। जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों का शोषण कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। पंचायत कर्मचारियों के हितों के लिए आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों का मानदेय खाने वाले ठेकेदार अब ब्लैक लिस्ट कराएं जाएंगे। जिला महामंत्री सुरेंद्र तोमर ने कहा कि निगम द्वारा संविदा कर्मचारियों का जो मानदेय दिया जा रहा है, उसमें से भी ठेकेदार खा रहा है, इससे बर्दास्त नहीं किया जाएगा। पंचायत में निर्णय लिया कि सोमवार को इस संबंध में निगम के अफसरों से वार्ता कर मानदेय न देने वाले ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कराने के लिए वार्ता की जाएगी। इसमें प्रमोद मलिक, पवन कुमार, विकास कुमार, संदीप खुशी राज कश्यप, इंद्रपाल, राजीव, विनय, राहुल, पीतम, इमरान, अमित, सोहन पाल, प्रमोद मलिक आदि रहे।