रटौल में पेड़ से गिरकर कक्षा दो के छात्र की मौत
चांदीनगर (बागपत)।
रटौल गांव में कक्षा दो के छात्र की पेड़ से गिरने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांव निवासी नवाब का सात वर्षीय बेटा रिजवान, गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ता था। रिजवान रविवार शाम बच्चों के साथ गांव के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह पेड़ पर चढ़ गया। अचानक वह पेड़ से नीचे गिर गया और बेहोश हो गया। उसके साथियों ने उसको बेहोशी की हालत में देख उसके घर पर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन और मोहल्ले के लोग उसको देखने के लिए दौड़ पड़े। परिजन उसको आनन-फानन में खेकड़ा में चिकित्सक के पास लेकर गए। जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। परिजन बच्चे के शव को लेकर वापस घर लौट आए।
ग्रामीणों के अनुसार नवाब के तीन लड़के और चार लड़की है। इनमें से रिजवान की मौत हो गई है। वह अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उनके घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है।