बड़ौत (बागपत)। विगत 15 दिन से किरठल गांव सहित क्षेत्र में ठप पड़ी हुई बीएसएनएल सेवा के विरोध में बुधवार को किरठल गांव में जनसेवा केंद्र के संचालकों ने बीएसएनएल अफसरों के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को जनसेवा केंद्र संचालक और समाजसेवी पुष्पेंद्र चौहान के नेतृत्व मेें कई जनसेवा केंद्र संचालक एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा किरठल सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों मेें बीएसएनएल सेवा गत 15 दिनों से ठप है। जिस कारण न तो लोग इंटरनेट से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा पा रहे हैं और न ही अपने परिचित व रिश्तेदारों को फोन कर पा रहे हैं। वहीं बीएसएनएल सेवा ठप होने से क्षेत्र में स्थित बैंकों में लेन-देन का कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे खातेदार परेशान हैं। वहीं जनसेवा केन्द्र संचालक कमल चौहान, गौरव ने बताया कि सेवाएं ठप होने से अभ्यर्थियों के फार्म नहीं भर पा रहे हैं। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन में आकाश, धर्मेंद्र, गौरव, नीरज, सतेंद्र, प्रताप, अरविंद, सुभाष, बालेंद्र, रामवीर, सत्यम, सागर आदि रहे।