बागपत। मंगलवार को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस के लिए लोगों के बीच उत्साह का माहौल है। जिलेभर में इसकी तैयारियां की गई। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्रभातफेरी के बाद कलक्ट्रेट में झंडारोहण होगा। समारोह में प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। शिक्षण संस्थाओं में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रिहर्सल की।
शिक्षण संस्थाओं में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की रिहर्सल की। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति की तैयारी कीं। सोमवार को तिरंगों की खरीददारी की। स्कूली बच्चों, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं ने ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग आकार के तिरंगे खरीदे। शहर के राष्ट्र वंदना चौक पर शहीद राम प्रसाद बिस्मिल और अशफाक उल्ला खां की प्रतिमाओं को आकर्षक लाइटों से सजाया। मंगलवार को शहर में सुबह साढ़े छह बजे से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। राष्ट्रवंदना चौक पर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण होगा। कलक्ट्रेट में डीएम भवानी सिंह खंगारौत और पुलिस लाइन में एसपी डी प्रदीप कुमार सुबह आठ बजे झंडारोहण करेंगे। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने बताया वृक्षारोपण भी होगा।
बागपत में क्रास कंट्री आज
जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार त्यागी ने बताया मंगलवार को सुबह साढे़ आठ बजे बालक वर्ग की क्रास कंट्री होगी। इसके बाद नौ बजे बालिका वर्ग की दौड़ होगी। कलक्ट्रेट के सामने गेट नंबर दो से निवाड़ा तक स्वतंत्रता दिवस पर यह दौड़ निवाड़ा तक होगी। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। दौड़ सुबह साढ़े आठ बजे से होगी।
मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
सहायक पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया मंगलवार को पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मनाया जाएगा। रात साढ़े आठ बजे भजन संध्या होगी। इसके बाद रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
मदरसे में होंगे देश भक्ति कार्यक्रम
दोघट। मदरसा जामिया फातिमा सालिहातुल बनात अल हिंद, निरपुड़ा परिसर में स्वतंत्रता दिवस पर देश भक्ति कार्यक्रम होगा। इसमें मुख्य अतिथि पूर्व विधायक वीरपाल राठी, रालोद के जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप, जिला पंचायत सदस्य चौधरी रहीसूद्दीन, ग्राम प्रधान पुत्र निश्चय राणा होंगे। यह जानकारी मोहम्मद नसीम ने दी।