बड़ौत (बागपत)।
धनौरा टीकरी गांव में कनेक्शन जोड़ने गए जेई पर दबंगों द्वारा हमला कर घायल किए जाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में दूसरे दिन भी विद्युत कर्मी हड़ताल पर रहे। उन्होंने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित 132 केवीए बिजलीघर पर पहुंचकर जमकर हंगामा भी किया।
विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर, जिला मंत्री सुरेंद्र तोमर और उत्तर प्रदेश जूनियर इंजीनियर संगठन के जिलाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह के संयुक्त नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारी 132केवीए बिजलीघर पर पहुंचे और सप्लाई ठप कराकर हड़ताल पर बैठ गए। उनका कहना था कि आए दिन निगम के कर्मचारियों पर दबंगों द्वारा हमले किए जा रहे हैं। सरकारी कार्यों में बाधा डालते हुए निगम के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की जा रही है। लेकिन, पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। इसको अब बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान सप्लाई ठप होने से हाहाकार मच गया।
मनोहर सिंह तोमर और इंजीनियर संगठन के जिलाध्यक्ष इंद्रपाल का कहना था कि हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती। एसई रामबीर सिंह का कहना था कि इस संबंध में डीएम व एसपी से बातचीत कर आरोपियों की गिरफ्तारी कराने की मांग उठाई जाएगी। कर्मचारियों का शोषण और सरकारी कार्य में बाधा डालना बर्दास्त नहीं किया जाएगा। सुरेंद्र तोमर, पवन कुमार, कन्हैया, प्रमोद मलिक, उमेश, आलोक, संजीव, कवरपाल, रविंद्र, प्रदीप, संदीप जेई, राजेंद्र सिंह, एसडीओ अनिल, अंकुर, सुनील, ग्यासुदीन, धर्मपाल, खलील, आरिफ, संजीव तोमर, सुखदेव पवंार, सतेंद्र पंवार, सोमपाल, इमरान, आलोक शामिल रहे।