रोडवेज को 15 लाख और रेलवे को सात लाख का फटका
बागपत। जनता कर्फ्यू का असर जिले में व्यापक तौर पर देखने को मिला। रविवार को परिवहन विभाग व निजी बसों का संचालन ठप रहा। दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर ट्रेनें रद्द रहीं। इससे बड़ौत डिपो को करीब 15 लाख के नुकसान का अनुमान है। जबकि रेलवे को सात लाख का नुकसान हुआ है। ट्रेनों की सेवाएं 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई हैं।
एआरएम योगेंद्र पाल ने बताया कि डिपो की रोज की आय 15 लाख रुपये हैं। कोरोना की महामारी घोषित होने के बाद बसों में यात्रियों की संख्या घट गई थी, जिससे आय 10 से 11 लाख के बीच रह गई थी। रविवार को बसों का संचालन बंद रहा। डिपो से रात में बसों का संचालन नही होता है। सोमवार सुबह पांच बजे से बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। बागपत रोड रेलवे स्टेशन मास्टर सतीश शर्मा ने बताया कि जनता कर्फ्यू के दौरान रेलवे को लगभग 40 से 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, बड़ौत स्टेशन अधीक्षक का कहना है कि रविवार को रेलवे को लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पूरे जिले के स्टेशन और हाल्टो को लगाकर रविवार को रेलवे को लगभग सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ट्रेनों की सेवाएं 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
--------------------
इनसेट
निजी बस संचालकों को लाखों का नुकसान
बागपत। निजी बस संचालकों को भी लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। टांडा, छपरौली बागपत से मेरठ जाने वाली निजी बसें बंद रही, जिस कारण नुकसान उठाना पड़ा है।