खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर और बड़ागांव में बिजली तारों से निकली चिंगारी से दो किसानों की करीब दो लाख रुपये की 15 बीघा गेहूं की फसल जल गई। पीड़ित किसानों ने एसडीएम से क्षतिपूर्ति दिलाए जाने की मांग की है।
गांव मुबारिकपुर निवासी किसान राजेंद्र त्यागी और बड़ागांव निवासी किसान राकेश के खेतों के ऊपर से उच्च क्षमता की बिजली लाइन खींची हुई है। किसान राजेंद्र ने अपनी दस बीघा कृषि भूमि में और राकेश ने पांच बीघा भूमि में गेहूं फसल बोई हुई थी। दोनों की फसल पककर तैयार खड़ी थी। रविवार रात राजेंद्र की फसल में और सोमवार दोपहर बड़ागांव निवासी किसान राकेश की फसल में बिजली तार से निकली चिंगारी से आग लग गई। कुछ ही देर मे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक किसान आग पर काबू पाते तब तक 15 बीघा गेहूं की फसल जल चुकी थी। किसानों का आरोप है कि उनके खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के तार ढीले होकर काफी नीचे लटके हैं। वे कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से तारों की खिंचाई कराने की मांग कर चुके हैं। इसके बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इस कारण उनकी गेहूं की फसल जल गई। दोनों किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ कोतवाली में पहुंचकर तहरीर दी। साथ ही एसडीएम से मामले में हस्तक्षेप कर क्षतिपूर्ति मुआवजा दिलवाए जाने की मांग की है। एसडीएम अजय कुमार का कहना है कि लेखपालों को मौके पर भेजकर गेंहू की जली फसल की जांच कराकर पीड़ित किसानो को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।