बिनौली (बागपत)। चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में बिनौली के बस स्टैंड पर स्थित प्राचीन सिद्ध पीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में दो दिवसीय विशाल मेले का शुभारंभ हुआ। मेले में प्रथम दिन बड़ी संख्या में भक्तजनों ने माता रानी के चरणों में प्रसाद चढ़ाकर मन्नत मांगी।
बृहस्पतिवार को प्रात:काल पं. ओमप्रकाश के निर्देशन में भाजपा नेता राजीव धामा ने माता रानी के चरणों में नारियल व चुनरी चढ़ाकर मेले का शुभारंभ किया। इसके उपरांत क्षेत्र से बढ़ी संख्या में पहुंचे भक्तजनों ने माता रानी के चरणों में प्रसाद चढ़ाकर मन्नत मांगी। लोगों ने मेले में दुकानों पर जमकर खरीददारी की। हिंडोले व मेट्रो ट्रेन में बैठकर खूब मनोरंजन किया। मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिये थाना प्रभारी निरीक्षक रवेंद्र सिंह के निर्देशन में पुलिस बल तैनात रहा। मेले में संदीप धामा, नरेंद्र पांचाल, रवि, भाटिया, सुनील जैन, रविंद्र धामा, मोनू, जवेंद्र, नीरज, राजेश आदि का सहयोग रहा।