बड़ौत (बागपत)। तालाब से अतिक्रमण हटवाने की मांग को लेकर बड़ावद गांव के ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को प्रधान अश्वनी के नेतृत्व में तहसील पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि गांव मेें स्थित तालाबों पर वर्षों से अतिक्रमण है, जिस कारण तालाब गंदे पानी से लबालब भरे हैं। अब तालाब का गंदा पानी गांव की गलियों मेें आने लगा है। प्रधान ने बताया कि हल्की बरसात मेें ही गांव की गलियों में दो से तीन फीट तक गंदा पानी भर जाता है, जिस कारण गांव में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है। जल भराव के कारण गांव के दर्जनों लोगों के मकानों मेें दरारें आ चुकी हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं और हादसा हो सकता है। उन्होंने एसडीएम आशीष को ज्ञापन देते हुए बताया कि वे समस्या को लेकर लगातार विभागीय अफसरों व प्रशासनिक अफसरों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन मात्र आश्वासन ही मिलता है। उन्होंने जल्द कार्रवाई की मांग उठाई। इनमें राजेश, अमरपाल, देशपाल, संजीव, सुदेश, महेंद्र, प्रवीण, राजकुमार, प्रमोद आदि रहे।