बड़ौत (बागपत)। शहीद शाहमल क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर बुधवार को आईपीएल की तर्ज पर बीपीएल लीग की ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमेें खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया।
ट्रायल का उद्घाटन एकेडमी के कोच प्रतीक तोमर ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि आज जिले के युवाओं का रुझान खेलों के प्रति बढ़ता जा रहा है। खेलकूद प्रतियोगिता मेें भाग लेने से युवाओं को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने बताया कि बीपीएल के चौथे संस्करण के लिए दूसरे चरण का क्रिकेट ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न आयु वर्ग के महिला और पुरूष खिलाड़ियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन कर दावेदारी पेश की। चार बालिकाओं सहित 57 खिलाड़ियों ने ट्रायल मेें प्रतिभाग किया। बताया कि चयनित खिलाड़ी जिले के विभिन्न मैदानों पर रंगीन पोशाकों में और सफेद गेंद से खेलेंगे। इस अवसर पर तेजपाल चौहान, दीपक शर्मा, आदित्य व कोच प्रतीक तोमर का योगदान रहा।