बागपत। सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग की और से शनिवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने सभी अधिकारी, शिक्षक, ग्राम प्रधान और अभिभावकों से परिषदीय विद्यालय को बेहतर बनाने तथा इन विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में सुधार लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को ज्यादा से ज्यादा विद्यालयों में नामांकन कराया जाए।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि मेहनत और लगन से बच्चों को पढ़ाएं ताकि आगे चलकर वह क्षेत्र का नाम रोशन कर सके। शिक्षकों के कंधों पर ही बच्चों का भविष्य बनाने का जिम्मा होता है। उनकी मेहनत तब रंग लाती है, जब उनका पढ़ाया हुआ बच्चा बड़ा होकर अफसर बनता है। इससे उन्हें भी फक्र होगा। डीडीओ हुब लाल ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों को शिक्षा के स्तर उठाने और नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया।
बीएसए योगराज सिंह ने शासन द्वारा बेसिक शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों को बताया। वहीं नि:शुल्क शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 एवं बाल अधिकार की जानकारी दी। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित नि:शुल्क यूनिफॉर्म, स्वेटर, किताबें, जूते, बैग वितरण की जानकारी दी। स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने स्कूल चलो अभियान पर एक रैली निकाली, जिसे बीईओ वीरेंद्रपाल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्षा रेनू धामा और संचालन एबीआरसी सुधीर वशिष्ठ ने किया। इस अवसर पर बीईओ बिनौली सतीश शर्मा, पिलाना नरेंद्र सिंह, बड़ौत विनोद वर्मा, राजलक्ष्मी पांडेय, जिला समन्वयक धर्मेंद्र यादव, फरजान, सुनील वशिष्ठ, संजीव बालियान, सुमित त्रिपाठी, अमित यादव, अशोक अंतिल, अनीता, भंवर सिंह, जितेंद्र कुमार,पवन कुमार, प्रहलाद सिंह, नीरज, सुरेंद्र सिंह, अश्वनी कुमार, योगेश शर्मा, ईश्वरपाल, प्रदीप शर्मा, बिजेंद्र गुप्ता, मनोज कुमार शर्मा, नीलम देवी, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राकेश यादव, महामंत्री राजकुमार शर्मा मौजूद रहे।