दोघट (बागपत)। झूंडपुर में दौराला चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर दस दिन से तौल नहीं हो रही है। भैंस बुग्गी और ट्रैक्टर ट्रालियों में लदा गन्ना सूख रहा है। किसानों ने क्रय केंद्र पर मिल के खिलाफ हंगामा कर कहा यदि दो दिन में तौल चालू नहीं की तो आंदोलन शुरू करेंगे। दौराला चीनी मिल के क्षेत्रीय गन्ना प्रबंधक कुलदीप कुमार ने बताया बृहस्पतिवार को झूड़पुर केंद्र पर गन्ना की तौल होगी।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि झूंडपुर गांव में दौराला चीनी मिल का गन्ना क्रय केंद्र है। गांव का गन्ना केंद्र दस दिन से बंद पड़ा है। तौल लिपिक नहीं आने से गन्ना तौल नहीं हो रही है। गन्ने से लगी भैंसा बुग्गी और ट्रैक्टर ट्राली दस दिन से गांव के गन्ना तौला केंद्र परिसर में खड़ी हुई है। तौल नहीं चलने से गन्ना सूख रही है। प्रधान संजीव ने बताया कि पिछले 10 दिन से तौल लिपिक गन्ना सेंटर पर नहीं आ रहा है। इस संबंध में मिल के अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बुग्गी और ट्राली में लदा गन्ना अब सूख रहा है। फिर लिपिक सूखे गन्ने को लेने से इंकार कर देता है। तौल न चलने से किसानों को रोज हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है। गेहूं कटाई का कार्य छूट रहा है। किसानों ने कहा यदि दो दिन में तौल शुरू नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में नरेंद्र, राजवीर, विजय, आनंद, मुकेश, ईश्वर आदि शामिल रहे।
दौराला चीनी मिल के क्षेत्रीय गन्ना प्रबंधक कुलदीप कुमार ने बताया खराबी आने के कारण सोमवार को मिल करीब 17 घंटे नहीं चली। इस कारण झूंडपुर सहित कई गन्ना केंद्रों से गन्ना उठान नहीं हो सका। इस कारण गन्ना तौल भी नहीं हो सकी। उन्होंने बताया बृहस्पतिवार को झूड़पुर केंद्र पर गन्ना की तौल होगी। किसानों का गन्ना लिया जाएगा।