दोघट (बागपत)। कस्बे में खुरपका-मुंहपका बीमारी फैलने के बाद पशु पालन विभाग की टीम गांव पहुंची और बीमार पशुओं की जांच की।
दोघट कस्बे में पशुओं में खुरपका-मुंहपका बीमारी फैली हुई है। पशुपालकों का दावा है कि बीमारी से अब तक 16 पशुओं की मौत हो चुकी है। बुधवार को उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. लोकेश अग्रवाल के नेतृत्व में डॉ. अक्षय बालियान, डॉ. रोहित, डॉ. अजय की टीम के साथ कस्बे में पहुंचे। चिकित्सकों ने बीमार पशुओं की जांच की और पशु पालकों को बीमारी से बचाव के तरीके बताए। पशु पालकों ने चिकित्सकों से कहा कि पशुओं में बीमारी की रोकथाम की जाए। पशु चिकित्सक डॉ. अक्षय बालियान ने बताया कि बीमारी पूरी तरह से कंट्रोल में है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, वैसे-वैसे ही बीमारी स्वयं ही कम होती चली जाएगी। यह बीमारी दूषित हवा व पानी से फैलती है। 30 अप्रैल के बाद कस्बे में मुनादी कराकर पशुओं में टीकाकरण किया जाएगा। अब फिलहाल कस्बे में पशु प्रसार अधिकारी डॉ. जितेंद्र राठी को तैनात कर दिया गया है। पशु पालक चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर रामपाल सिंह, इकबाल, किरण, बिजेंद्र, देवेंद्र शर्मा, सोमदत्त, यशपाल, हरबीर आदि पशु पालक मौजूद रहे।
बामनौली में सैकड़ों पशु बीमार, ग्रामीण परेशान
दाहा। क्षेत्र के गांव बामनौली में खुरपका-मुंहपका बीमारी फैलने सैकड़ों पशु बीमार हो गए हैं। इससे पशु पालक परेशान हैं। उन्होंने डीएम से हस्तक्षेप कर गांव में कैंप लगवाकर पशुओं का इलाज कराने की मांग की। गांव बामनौली में खुरपका-मुंहपका बीमारी फैलने से प्रधान महीपाल, अशोक, रवि, ज्ञानेंद्र सिंह, महेश, मास्टर खिलाड़ी, अंकित आदि सैकड़ों पशुपालकों के सैकड़ों बीमार चल रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया गांव से बीमार की चपेट में आ गए हैं। ग्रामीणों ने डीएम से हस्तक्षेप कर गांव पशुपालक विभाग की तरफ से कैंप लगवाने की मांग की। उन्होंने कहा पशुधन बीमार होने से काफी आर्थिक नुकसान हो रहा है।