बामनौली गांव में गन्ना समस्या को लेकर सोनू माया के आवास पर किसानों की बैठक हुई। इसमें सामान्य गन्ने की पर्चियां न आने पर रोष जताया गया और निर्णय लिया कि यदि समस्या समाधान नहीं हुआ तो मंगलवार को बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग जाम करेंगे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बामनौली गांव में मलकपुर और भैंसाना चीनी मिलें सामान्य प्रजाति का गन्ना नहीं खरीद रही है। खेतों में सामान्य प्रजाति का गन्ना अधिक होने के कारण किसान परेशान है। गन्ना क्रय केंद्रों पर भी सामान्य गन्ने की पर्चियां नहीं भेजी जा रही है। किसान इस गन्ने को लेकर कहां जाएंगे। जबकि मिलों का पैराई सत्र भी खत्म होने वाला है। किसान बार-बार अधिकारियों से शिकायत कर रहे, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। बैठक की अध्यक्षता सतपाल सिंह ने की व संचालन ज्ञानेंद्र ने किया। इसमें प्रेम पाल, कृष्ण, राजबीर, रामा, हरेंद्र, नरेश, चंद्रपाल, महावीर सिंह, अशोक, कृष्णपाल, प्रवीण आदि उपस्थित रहे।