बड़ौत (बागपत)। नगर के मुख्य मार्गों पर परिवहन सेवा बदहाल हो चुकी है। इन मार्गों पर न रोडवेज की बसें चलाई जा रही हैं और न ही प्राइवेट। लोग डग्गामार वाहनों में खतरनाक ढंग से सफर करने के लिए मजबूर हैं। कभी भी हादसा हो सकता है।
बड़ौत तहसील क्षेत्र की बात करें तो यहां पर बड़ौत-बुढाना मार्ग, बड़ौत-छपरौली मार्ग, बड़ौत-बिनौली मार्ग सहित रमाला-टांडा-किरठल मार्ग पर दिन के समय तो यात्रियों को दो-चार बसें गंतव्य तक पहुंचने के लिए मिल जाती है, लेकिन शाम होते ही बसें मार्गों से गायब हो जाती है। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भी बड़ौत-कोताना मार्ग पर बसों के अभाव के चलते यात्रियों को दोगुना किराया देकर डग्गामार वाहनों मेें सफर करना पड़ा। आलम यह है कि कई बार डग्गामार वाहन भी कम होने के कारण लोगों को इन वाहनों पर लटकर खतरनाक ढंग से सफर करना पड़ता है। इस मार्ग पर चलने वाले यात्री रामकिशोर, सुभाष जयविंदर आदि ने बताया कि वे कई बार रोडवेज के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। इस संबंध में एआरएम सीपी कमल का कहना है कि जल्द ही मार्गों पर बसों की सेवा बढ़ाई जाएगी।