बागपत। मेरठ रोड पर नया गांव हमीदाबाद में जर्जर सड़क जहां ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई, वहीं अब जर्जर सड़क ने लोगों का रोजगार भी छीनना शुरू कर दिया। जिस कारण अब गांव के लोग शहर को छोड़कर अन्य जगहों पर जाकर रोजगार तलाश रहे हैं।
बागपत-मेरठ रोड पर शहर से सटे नया गांव हमीदाबाद से गुजर रहा मार्ग पूरी तरह से गहरे-गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इस मार्ग पर जर्जर सड़क होने के कारण हादसे होना आम बात हो गई, लेकिन अब लोगों की परेशानी इस मार्ग के चले ओर बढ़ गई, क्योंकि अब जर्जर सड़क लोगों का रोजगार भी छीन रही हैं। गांव के सोनू बताते है कि जब सड़क ठीक थी, तब सड़क किनारे गांव के हारुण और इकरार की हेयर कटिंग की दुकान थी। गांव के लोग सुबह-समय यहां पर अपनी कटिंग कराते थे, लेकिन जब से सड़क टूटी है, हारुण और इकरार ने अपनी हेयर कटिंग की दुकान बंद कर दी । सड़क से उठने वाली धूल इसका मुख्य कारण है। गांव के नरेंद्र सड़क किनारे फलों व सब्जियों की ठेलियां लगाते थे, लेकिन जर्जर सड़क के कारण उन्होंने भी ठेली लगाना बंद कर दी है, क्योंकि कई बार सड़क में बने गड्ढे बचाने के चक्कर में वाहन चालक ठेलियों की तरफ दौड़ पड़ते थे। इससे जान का खतरा बना रहता है। गांव के संजय और सुरेंद्र गांव में सड़क किनारे मिठाई की दुकान करते थे। दूर-दराज से लोग यहां पर मिठाई खरीदने के लिए आते थे, लेकिन जर्जर सड़क ने उनका भी रोजगार छीन लिया। अब सभी लोग बाहर ही रोजगार तलाश रहे हैं। इससे ग्रामीण दुखी है। उनका कहना था कि न जाने यह जर्जर सड़क ओर क्या दुख देगी।