बड़ौत (बागपत)।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष राम कुमार सिंह के नेतृत्व में दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मिला और संगठन के संबंध में वार्ता की और समस्याएं गिनाईं।
प्रतिनिधि मंडल ने लोकसभा चुनाव में पार्टी किस तरह मजबूत होकर आगे बढ़े, इस पर विस्तार से वार्ता की। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि जनपद बागपत दिल्ली के पास होने के बावजूद भी हमारी पार्टी के बड़े नेता जनपद में आने का संकोच करते हैं। इस पर राहुल गांधी ने स्वयं आने का वादा किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनपद की सभी सीटें गठबंधन में दूसरे पार्टियों को दे दी जाती हैं। हमारा कार्यकर्ता निराश हो जाता है। कहा, हमें 2019 का चुनाव जीतना है तो बैलेट पेपर की तरफ जाना होगा। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि बागपत में हम लोग जिलाध्यक्ष के साथ मिलकर दिल्ली से लखनऊ तक पार्टी सम्मेलन में शामिल होते हैं। डीएम और एसपी को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते रहते हैं। इसमें शहर अध्यक्ष राकेश शर्मा, ब्रहम पाल सिंह, देवेंद्र चौहान, पुष्पेंद्र राणा, महिला अध्यक्षा उर्मिला सिंह, डॉ. नरेंद्र शर्मा, गोपाल शास्त्री आदि शामिल रहे।