बढ़ी विद्युत दरें वापस लें नहीं तो बड़ा आंदोलन होगा
बड़ौत। विद्युत दरों में बढ़ोतरी और बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के मामले में रविवार को छछरपुर गांव में भाकियू कार्यकर्ताओं की पंचायत हुई। इसमें चेतावनी दी गई कि यदि बढ़ी दरें वापस न की गईं तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
भाकियू नेता व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह प्रधान और ग्राम प्रधान अनिल कुमार ने कहा कि हाल में क्षेत्र के हजारों किसान बकाया गन्ना भुगतान की समस्या से जूझ रहे है। ऊपर से प्रदेश सरकार ने विद्युत पावर की दरों को बढ़ाकर किसानों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। इससे कतई बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मिल प्रबंधन की मिलीभगत से बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हो पा रहा है। ऐसे हालात में विद्युत दरें बढ़ने पर ज्यादा बिल भुगतान कहां से होगा। पंचायत में छछरपुर, गुराना, बावली, मलकपुर, गूंगाखेडी, रूस्तमपुर, किशनपुर, बराल आदि गांवों से बिजेंद्र, ओमपाल, हरेंद्र, महिपाल, सुखवीर, सुरेंद्र, सोहनवीर, अमरपाल, जगवीर, प्रवीण, जयवीर सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।
उधर, माखर गांव में हुई पंचायत में पूर्व प्रधान अजित सिंह ने कहा कि 21 दिसंबर को बड़ौत मेें सिंचाई विभाग के डाक बंगले पर किसानों की पंचायत मेें आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। अध्यक्षता सुक्रमपाल सिंह ने की और संचालन ऋषिपाल फौजी ने किया। पंचायत में सुरेश प्रधान, हरवीर सिंह, महेन्द्र सिंह, राजीव, बाबूराम, राजकुमार, नरेश शर्मा, सुशील पुरी, अशोक, सोहनवीर, अनिल चौधरी, बिट्टू, ऋषि ठेकेदार शामिल रहे।