बड़ौत (बागपत)।
तहसील सभागार में एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने पालिका अध्यक्ष और सदस्य पद पर खड़े प्रत्याशियों की बैठक लेकर चुनाव आचार संहिता का पाठ पढ़ाया और कहा कि यदि कोई आचार संहिता का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
एसडीएम ने प्रत्याशियों को बताया कि वे बिजली के खंभों, डिवाइडर पर कोई पोस्टर या बैनर न लगाए। इसके अलावा सरकारी भवनों व धार्मिक स्थलों पर भी प्रचार सामग्री न लगाई जाए। यदि निजी भवनों पर प्रचार सामग्री लगाई जाती है तो उसकी भवन मालिक से अनुमति लेनी होगी। उन्होंने कहा नेहरू रोड पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है। जिन प्रत्याशियों ने बिजली के खंभों पर अपनी प्रचार सामग्री लगाई, उसे उतरवा लें, नहीं प्रशासन स्वयं उसे उतरवाएगा और जो खर्चा होगा उसे प्रत्याशी को देना होगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद भी यदि कोई प्रत्याशी चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई होगी।