किसानों ने विद्युत निगम के खिलाफ गुस्सा जताया
दोघट (बागपत)। धनौरा टीकरी गांव के जंगल में जेई के साथ मारपीट के मामले के बाद मुकदमा दर्ज होने से किसानों ने पंचायत की। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही निगम के खिलाफ मुकदमा दर्ज न कराया तो किसान सड़कों पर उतरेंगे।
धनौरा गांव में एक सप्ताह पूर्व वेदपाल के नलकूप से एक दूसरे नलकूप को जोड़ने को लेकर विद्युत विभाग की टीम और किसानों के बीच पहले कहासुनी और फिर मारपीट हो गई थी। इसमें जेई विकास कुमार के सिर में चोट लग गई थी। एसडीओ ने तीन किसानों को नामजद करने के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले पर दोघट पुलिस ने नामजदों के घरों पर दबिश दी। इससे नाराज किसानों की दोघट में राजेंद्र चौधरी के आवास पर पंचायत हुई। पंचायत में चेतावनी दी गई कि शीघ्र निगम के खिलाफ मुकदमा दर्ज न कराया गया और यदि पुलिस ने किसानों के यहां दबिश डाली तो गंभीर परिणाम होंगे। पंचायत ने थाना घेरने का निर्णय लिया तो कुछ किसानों के समझाने पर किसान इससे हटे। किसानों का आरोप है कि निगम के अधिकारियों ने ही लाइन जोड़ने से मना किया और फिर निगम के अधिकारी ही बिना किसी आदेश के जोड़ने भी चले गए। जिस किसान के नलकूप से दूसरे को जोड़ना चाह रहे थे, उस पर 15 हॉर्स पावर मंजूर है। पंचायत की अध्यक्षता पूर्व प्रधान हरपाल सिंह संचालन चौधरी अब्बास ने किया। इस मौके पर परसराम, सुखपाल, जगदीश, सोहनवीर, रणवीर, रामकुमार, मोहनलाल, चंद्रसिंह, जुल्ला, रामपाल, राज कुमार, राजीव, नवाब, उपेंद्र, सुधीर मौजूद रहे।