- परीक्षा केंद्रों को तीन जोन व 14 सेक्टर में बांटा, 25 से 27 अप्रैल तक कराई जाएगी परीक्षा
- परीक्षा को शांतिपूर्ण कराने के लिए अधिकारियों व शिक्षकों की लगाई गई ड्यूटी, रिजर्व में रखे गए शिक्षक
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा के लिए जनपद में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5472 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक किया जाएगा।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे। इसके लिए पुलिस बल के साथ ही अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर समय से प्रवेश सुनिश्चित कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। डीआईओएस राघवेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा को पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी।
इन केंद्रों पर होगी भर्ती परीक्षा
जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए यमुना इंटर कॉलेज बागपत, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बागपत, सर्वहितकारी इंटर कॉलेज मीतली, डीएवी इंटर कॉलेज अग्रवाल मंडी टटीरी, इंटरमीडिएट कॉलेज सरूरपुर खेड़की, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज खेकड़ा, एमएम डिग्री कॉलेज खेकड़ा, जनता वैदिक इंटर कॉलेज बड़ौत, जनता वैदिक डिग्री कॉलेज बड़ौत, वीर स्मारक इंटर कॉलेज बड़ौत, जैन स्थानकवासी गर्ल्स इंटर कॉलेज बड़ौत, गर्ल्स इंटर कॉलेज बावली, डीजे इंटर कॉलेज बड़ौत, डीजे डिग्री कॉलेज बड़ौत को केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।