बड़ौत। यूपी बोर्ड के नतीजों में श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज बड़ौत ने कामयाबी का परचम लहरा दिया। प्रदेश की मेरिट के अलावा बागपत की टॉप टेन मेरिट में भी श्रीराम शिक्षा मंदिर के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा। स्कूल के डायरेक्टर उपेंद्र चौधरी ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। नतीजों के बाद ढोल की थाप पर खुशी मनाई । छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने खुशी मनाई।
श्रीराम शिक्षा मंदिर बड़ौत के डायरेक्टर उपेंद्र चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बच्चों और शिक्षकों की मेहनत के बूते यह सफलता मिली है। तनु तोमर, युवराज, प्राची समेत अन्य छात्र-छात्राएं बागपत का गौरव बन गई हैं। तनु तोमर ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यूपी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि पिछले सालों में भी संस्थान के छात्र-छात्राओं ने मेरिट में दमखम दिखाया था। दिनभर स्कूल में जश्र का माहौल रहा। उनके साथ स्कूल प्रबंधक विक्रम तोमर, प्रधानाचार्य राजीव तोमर, वीरेंद्र राणा और योगेश तोमर रहे।
थैंक्यू अमर उजाला, प्री-बोर्ड परीक्षा से निकली सफलता की राह
बड़ौत। श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के डायरेक्टर उपेंद्र चौधरी ने बताया कि यूपी टॉपर का रास्ता कॉलेज में नवंबर माह से कराई प्री-बोर्ड परीक्षा से निकला। नवंबर माह से ही प्री-बोर्ड परीक्षा यूपी बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर शुरू कराई। यह परीक्षा यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू होने तक चली। उन्होंने अमर उजाला का आभार जताया और कहा कि अमर उजाला ने प्री-बोर्ड परीक्षा एग्जाम को स्पेस दिया, वह सराहनीय है। मेधावियों के लिए अमर उजाला छात्रवृत्ति सराहनीय पहल है।
चेतना कॉलेज में अभिलाष और विदुषी ने गाड़ दिए झंडे
बड़ौत। चेतना इंटर कॉलेज किशनपुर बिराल का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा। स्कूल और गांव में जश्न का माहौल है। इंटर में 76 छात्र पंजीकृत थे, 71 की प्रथम श्रेणी मेें परीक्षा पास की। हाईस्कूल में 65 छात्र थे, जिनमें 65 की प्रथम श्रेणी आयी। प्रबंधक ओमपाल सिंह, प्रधानाचार्य देशवीर व डायरेक्टर राकेश देवी ने बताया कि इंटर में अभिलाष सोलंकी ने 84.6 प्रतिशत,
अक्षय तोमर ने 83 प्रतिशत, गौतम 83.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किएं। हाईस्कूल में विदुषी ने 86 प्रतिशत, नीशु ने 85.6 प्रतिशत, काजल ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कामयाबी के बाद जश्न का माहौल है। छात्र-छात्राओं के परिवारों ने भी मिठाई वितरित की।
आदर्श शिक्षा मंदिर के मेधावियों ने किया नाम रोशन
बड़ौत। आदर्श शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज किशनपुर बिराल के प्रबंधक नरेंद्र कुमार ने बताया कि हाईस्कूल में 253 छात्रों ने परीक्षा दी। रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। 148 छात्र प्रथम श्रेणी से पास हुए। बताया कि इंटरमीडिएट में 211 छात्रों ने परीक्षा दी। इनका भी रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में सक्षम ने 88.1 प्रतिशत, अंजलि ने 87 प्रतिशत, अर्चना ने 84.6 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया। इसके अलावा अवि सोलंकी ने 84.9, अनुष्का ने 86.8, छाया ने 82.7 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। जबकि इंटरमीडिएट में आकांक्षा ने 89.2 प्रतिशत, स्वाति 85.2, आकाश 82.1 प्रतिशत अंक हासिल किए। इसके अलावा रितिका ने 78.8 प्रतिशत, जावेद 75.4 प्रतिशत, रिया ने 78.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किएं। प्रबंधक ने कहा कि स्कूल में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य अनुभव, अरुण कुमार, मोहित कुमार, अनीता देवी, सुनीता देवी मौजूद रहीं।