बड़ौत (बागपत)। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष लोकेश प्रजापति विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही लाभकारी व लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएं।
मंगलवार को नगर पालिका में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि गांव-शहरों में गरीब परिवारों के लिए शौचालय निर्माण, बीपीएल राशन कार्ड बनवाना, आयुष्मान भारत बीमा योजना एवं प्रत्येक गरीब परिवार को मुफ्त गैस कनेक्शन आदि परिवारों तक लाभ पहुंचाना हम सबका कर्तव्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना भारत को विश्व गुरू बनाने का है, जिसे हम सब कार्यकर्ता मिलकर पूरा करेंगे। दीन दयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के द्वारा बताए रास्ते पर चलकर भारतमाता सेवा करनी है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा, वाल्मीकि, रविदास, महावीर स्वामी, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्र शेखर आजाद आदि महपुरुषों की जयंती व पुण्यतिथि 2019 में पार्टी मनाएगी और मोदी जी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाया है। अगर किसी सामाजिक व्यक्ति को कहीं न्याय नहीं मिलता है तो आयोग तलब कर सकता है। सम्मेलन की अध्यक्षता राकेश पांचाल ने की। संचालन हरिभूषण उपाध्याय ने किया। इस मौके पर मनीष उपाध्याय, चंद्रवीर तोमर, राजकुमार रूहेला, मनोज कटारिया, चरण सिंह कश्यप, कुसुम कश्यप, रवि, सत्यप्रकाश, नरेश वर्मा, अनिल प्रशांत, विनोद मित्तल, अशोक यादव, जिनेंद्र कुमार आदि रहे।