बड़ौत (बागपत)। नगर पंचायत दोघट वार्ड नंबर एक में स्थित तालाब पर अवैध अतिक्रमण हटाए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को कस्बावासियों ने तहसील पर प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि वार्ड नंबर एक में बाजार से रविदास मार्केट होता हुआ तालाब पर जो रास्ता जाता है, उस पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। जिस कारण कस्बे में जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई बार अतिक्रमण करने वालों से स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए कहा तो वे झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं, इससे वहां पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम आशीष कुमार का कहना था कि शिकायत मिली है, जल्द ही इसकी जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी, तालाब पर अतिक्रमण बर्दास्त नहीं होगा। प्रदर्शन करने वालों में चन्द्र सिंह, कपिल, गौतम, अनिल, विनोद, रणधीर, मनोज आदि रहे।