बागपत। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने बताया कि ई-ऑफिस का प्रथम चरण समाप्त हो गया है। अब 17 जुलाई को 54 विभागों के स्टॉफ का प्रशिक्षण होगा। तकनीकी मास्टर ट्रेनर और जिले के मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह 17 से 24 जुलाई तक चलेगा।
15 अगस्त से जिले के 54 विभागों में ई-ऑफिस व्यवस्था लागू हो जाएगी। सभी कार्य ऑनलाइन होगा। प्रथम चरण में अफसरों को इसका प्रशिक्षण दिया गया है। अब द्वितीय चरण में इन विभागों के सहायक अधिकारियों को प्रशिक्षण की तिथि 17 से 24 जुलाई निर्धारित है। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने बताया कि एनआईसी में ही प्रशिक्षण दिया जाएगा। तकनीकी मास्टर ट्रेनर और जिले के मास्टर ट्रेनर द्वारा कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभागाध्यक्षों को प्रशिक्षण में सहायकों को भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारियों को भी ई-ऑफिस का ज्ञान होना चाहिए। इसके लिए उन्हें भी प्रशिक्षण में शामिल किया गया है। उनके माध्यम से भी विभागीय कार्य होते हैं जिनके हस्ताक्षर किए जाते हैं। डीएम ने बताया कि ई-ऑफिस व्यवस्था से काफी हद तक परेशानी कम हो जाएगी। अफसरों को भी काफी लाभ पहुंचेगा। मास्टर ट्रेनरों द्वारा कर्मचारियों को फाइलें सेव करना, उन्हें अपलोड कर अफसरों तक सेंड करना, किस प्रकार से कंप्यूटर में फाइलों का रखा जाता सहित विभिन्न जानकारियां दी जाएगी।