बड़ौत (बागपत)।
उप्र पुलिस की लिखित परीक्षा के लिए नगर मेें छपरौली रोड पर बनाए परीक्षा केन्द्र कालिंदी देवी कॉलेज में दूसरे दिन मंगलवार को भी भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच दो पाली में परीक्षा हुई। संघन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में जाने दिया। साथ ही मोबाइल सहित अन्य सामग्री परीक्षा केन्द्र से बाहर रखवाई। प्रथम पाली में परीक्षा देने पहुंचे रणजीत कुमार पुत्र सत्यपाल गुरूदासपुर थाना देवबंद सहारनपुर चक्कर खाकर परीक्षा केंद्र में गिर गया। इससे अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने उसे सीएचसी में पहुंचाया। वहां के चिकित्सकों के इलाज करने के बाद उसे परीक्षा में छोड़ा गया और उसने परीक्षा दी।
मंगलवार को दूसरे दिन भी अभ्यर्थियों को संघन चेकिंग के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की लिखित परीक्षा के परीक्षा केन्द्र में एंट्री की । आधार कार्ड, पहचान पत्र सहित अभ्यर्थियों का फोटो लगा रोल नंबर की जांच की गयी। सीओ रमानन्द कुशवाहा, एसडीएम अरविन्द कुमार द्विवेदी परीक्षा केन्द्र पर डटे रहे। प्रत्येक पाली में 1344 अभ्यर्थियों को शामिल होना पडा। सीओ रमानन्द कुशवाहा ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास भी बड़ी संख्या मेें पुलिस बल तैनात रहा। बताया कि खुफिया विभाग भी छानबीन में जुटा हुआ है। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गयी थी। केन्द्र अधीक्षक डॉ. उमेद सिंह ने बताया कि 23 कमरों में परीक्षा कराई।
देरी से पहुंचने वालों की नहीं होने दी एंट्री
बड़ौत। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह दस बजे से शुरू थी, लेकिन केन्द्र अधीक्षक डॉ. उमेद सिंह ने बताया कि नियमों के अनुसार सुबह आठ बजे से प्रवेश शुरू किया, जबकि साढे़ नौ बजे एंट्री बंद कर दी। इसको लेकर भी अभ्यर्थियों ने हंगामा किया।
ई-रिक्शा चालक व फल विक्रेताओं की रही चांदी
बड़ौत। बड़ौत-मलकपुर रोड स्थित कालिंदी देवी कॉलेज में बनाए परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बड़ौत की छपरौली चुंगी से परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा चालक ने 40 से 50 रुपये प्रति अभ्यर्थी वसूले। वहीं फल विक्रेताओं ने भी अभ्यर्थियों की जमकर जेब ढीली की।
पुलिस की कोचिंग सेंटरों पर रही नजर
बड़ौत। पुलिस प्रशासन की कोचिंग सेंटरों पर नजर रही। दूसरे दिन भी नगर व आसपास क्षेत्र में संचालित कोचिंग सेंटर को या तो बंद करा दिया या फिर पूरे दिन आसपास सार्दी वर्दी में पुलिस प्रशासन की टीम वहां पर तैनात रही।
पेपर को देख खिल उठे चेहरे
बड़ौत। उत्तर प्रदेश पुलिस की लिखित परीक्षा के बाद जैसे ही अभ्यर्थी पेपर देखकर लौटे तो पेपर आसान होने के कारण उनके चेहरे खिल उठे। अधिकांश अभ्यर्थियों ने पेपर को आसान बताया। हालांकि कुछ अभ्यर्थियों ने सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को कठिन बताया।