बड़ौत (बागपत)। केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री और बागपत के सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने डिजिटल पुस्तकालय का शिलान्यास किया और कहा कि इससे तहसील मेें आने वाले लोगों को पुस्तकों से ज्ञान प्राप्त होगा।
इस अवसर पर डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि डिजिटल पुस्तकालय में डेढ़ करोड़ के लगभग किताबें, समाचार पत्र, मैग्जीन और पुस्तकों का संग्रह किया जाएगा। पुस्तकालय 70 लाख रुपये मेें तैयार होगा। 35 लाख रुपये मुख्यमंत्री कोष से स्वीकृत कर दिए गए हैं। यदि और बजट की आवश्यकता पड़ेगी तो उसे दिलाया जाएगा। सभी कमरे एसी युक्त होंगे और यह चार माह मेें बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इस योजना के लिए दो साल से लगे थे, लेकिन भूमि नहीं मिल रही थी। उन्होंने कहा डीएम ऋषिरेंद्र ने पुस्तकालय की भूमि उपलब्ध कराई। विधायक केपी मलिक और छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। संचालन तहसीलदार मांगेराम चौहान ने किया। इसमें एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी, पुष्पेंद्र, जिलाध्यक्ष संजय खोखर, डॉ. आत्माराम, रविंद्र राठी, आदेश तोमर, वेदपाल पंवार, वेदपाल उपाध्याय, नितिन चौधरी, सचिन, भास्कर आदि मौजूद रहे।