दोघट (बागपत)। बामनौली गांव में आत्मदाह की कोशिश करने के बाद भी किसान को पट्टे की जमीन नहीं मिल रही है। बृहस्पतिवार को गांव में जमीन की पैमाइश के लिए टीम नहीं पहुंची। किसान ने फिर सोमवार को परिवार सहित बड़ौत तहसील में आत्मदाह करने की धमकी दे दी।
बामनौली गांव निवासी अनिल को तीन बीघा पट्टे की भूमि मिली हुई है। गांव में चकबंदी के दौरान किसान को पट्टे की जमीन नहीं दी। किसान ने डीएम से लेकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन जमीन नहीं मिली। मंगलवार को किसान ने परिवार सहित बड़ौत तहसील में आत्मदाह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया । तहसील दिवस में पहुंचे अधिकारियों ने किसान को आश्वासन दिया था कि तीन दिन बाद चकबंदी अधिकारी गांव में आकर जमीन की पैमाइश करेंगे। बृहस्पतिवार को किसान अपने परिवार के साथ खेत में चकबंदी अधिकारियों की बाट देखता रहा, लेकिन कोई भी अधिकारी जमीन की पैमाइश करने नहीं पहुंचा। इससे आहत अनिल ने फिर से चेतावनी दी है कि यदि रविवार तक उसे जमीन नहीं दी तो वह सोमवार को बड़ौत तहसील में परिवार सहित आत्मदाह करेगा।