बागपत। सहकारी शुगर मिल बागपत के तौल केंद्र पर किसानों ने घटतौली को आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मिल में तौल बंद हो गई। किसानों की मिल अधिकारियों से नोंक झोंक हुई। बाद में मिल अधिकारियों के कांटे ठीक कराने का आश्वासन देने पर किसान शांत हुए।
बुधवार को बाघू, सिसाना और बागपत के किसानों की सहकारी शुगर मिल बागपत में गन्ना तौलने के लिए पहुंचे । सिसाना निवासी किसान सोहने का कहना है कि वह पहले धर्मकांटे पर गन्ने की बुग्गी तौली और उसके बाद मिल में बुग्गी कांटे पर तुलवाई तो एक क्विंटल का अंतर मिला। इस पर किसानों ने मिल में हंगामा शुरू कर दिया। किसानों ने कहा मिल में कई दिनों से घटतौली चल रही है। शिकायत करने के बाद भी कांटे को सही नहीं कराया। मिल में ट्रैक्टर-ट्राली कांटे पर भी घटतौली की जा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों के हंगामे की सूचना पर मिल अधिकारी किसानों के बीच पहुंचे। अधिकारियों से किसानों की नोंकझोंक हुई। बाद में मिल अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कांटे ठीक कराकर घटतौली समाप्त करा दी जाएगी। किसानों ने कहा यदि फिर से घटतौली मिली तो वे मिल में तौल बंद कराकर धरना शुरू कर देंगे। इसमें लोकेंद्र, हरेंद्र, कृष्णपाल, राजेश, रामबीर, सतेंद्र आदि रहे।