बड़ौत (बागपत)।
राजस्व वसूली का लक्ष्य हासिल करने को लेकर सोमवार को विद्युत निगम के अफसरों ने छछरपुर गांव में छापे मारे। इससे विद्युत चोरी करने वालों मेें अफरा-तफरी मच गई। टीम का लोगों ने विरोध किया। विरोध के बाद भी टीम ने दर्जनों लोगों के कनेक्शन काटे।
सोमवार को अवर अभियंता विकास कुमार के नेतृत्व में गठित विद्युत निगम की टीम ने छछरपुर गांव में बकाया विद्युत बिल जमा न करने वालों व विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। सूचना पर विद्युत चोरी करने वालों में अफरा-तफरी मच गयी। इस दौरान गांव के कई मोहल्लों मेें लोगों ने मलकपुर चीनी मिल द्वारा गन्ना का पैमेट न देने का हवाला देकर चेकिंग अभियान का विरोध किया। उनकी टीम के साथ नोकझोंक हुई। अवर अभियंता विकास कुमार ने बताया कि निगम के अफसरों के निर्देश पर बकायादारों व विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। यदि कोई उपभोक्ता इसका विरोध करता है तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बाद में टीम ने अभियान चलाकर दर्जनों बकायादारों के कनेक्शन काटे। इस संबंध में ग्राम प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट ने कहा मलकपुर चीनी मिल क्षेत्र के हजारों किसानों का करोड़ों रुपये गन्ने का भुगतान दबाएं बैठी है। इस कारण किसानों की हालत दयनीय हो गई है। गांव में चेकिंग न चलाया जाए, इसके लिए लगातार निगम के अफसरों से बातचीत की जा रही है। मनमानी बर्दास्त नहीं होगी।