अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बे में नलकूप खराब होने से पानी की किल्लत बढ़ने लगी है। नगर पंचायत ने टैंकर से पानी सप्लाई किया , लेकिन कस्बे में लगे हैंडपंपों पर दिनभर लोगों की कतार रही। लोगों ने कहा जल्द से जल्द व्यवस्था ठीक होनी चाहिए।
दो दिन पहले नलकूप ठीक करते समय जमीन में धंस गया था। तभी से कस्बे में पानी की किल्लत चल रही है। पानी को लेकर हैंडपंप पर लोगों की लाइन लग रही है। नगर पंचायत द्वारा पानी के टैंकरों को जगह-जगह भिजवाया जा रहा है। इससे पूर्ति नहीं हो रही है। कस्बा निवासी मुकेश रूहेला, विजय मानव, अनिल, पवन ठेकेदार, कृष्ण चौधरी ने नगर पंचायत के अधिकारियों से पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। पंचायत के लिपिक अंकित शर्मा ने बताया कि नलकूप ठीक कराने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है।