बड़ौत (बागपत)।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र के कर्मचारियों ने मंगलवार को समस्याओं को लेकर हाईवे स्थित बड़ौत डिपो मुख्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया । साथ ही समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को सैकड़ों कर्मचारी शाखा मंत्री विनोद कुमार के नेतृत्व में एकत्रत हुए और हंगामा शुरू कर दिया। शाखा मंत्री विनोद कुमार ने कहा किसी भी कीमत पर यूनियन के सदस्यों का शोषण बर्दास्त नहीं होगा। परिषद कर्मचारियों के हकों की मांग को लेकर आंदोलित हैं और आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान कर्मचारियों ने सातवें वेतनमानों को 1 जनवरी 2016 से लागू कर एरियर सहित तत्काल भुगतान कराने, वर्षों से लंबित वेतन विसंगतियों को अविलंब दूर करने, एसीपी की स्वीकृति और भुगतान पर लगाई रोक हटाने, मृतक के आश्रित को कम से कम पांच लाख आर्थिक सहायता प्रदान करने, प्रोन्नति के लिए विभिन्न संवर्गों मेें रिक्त पर भरने आदि मांगें उठाई। उन्होंने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन देकर मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर शाखा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह मान, कुलदीप, राजीव, महक सिंह, सुरेश, संजीव, कुलभूषण, राम सिंह, महेश, अमित, सुरेंद्र आदि रहे।