बागपत। धान की खरीद के लिए शासन से समर्थन मूल्य 1550 निर्धारित किया है। क्रय केंद्रों पर किसानों से धान की खरीद की जाएगी। छनाई, उतराई और सफाई के लिए अलग से भुगतान होगा। इसके लिए कृषक अपने जरूरी दस्तावेज विभाग में जमा कराए।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि शासन से धान की फसल खरीद के लिए मूल्य तय कर दिया है। सामान्य प्रजाति के लिए 1550, ग्रेड-ए का मूल्य 1590 रुपये प्रति क्विंतल निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों को क्रय केंद्र पर धान की उतराई, छनाई और सफाई के खर्च के लिए 15 रुपये प्रति क्विंतल की दर से ऑनलाइन भुगतान होगा। जो समर्थन मूल्य से अतिरिक्त होगा। किसानों के पंजीकरण के लिए फोटो, बैंक पास बुक, आधार कार्ड की छायाप्रति, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहवान पत्र, पैन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, पहचान पत्र को अपलोड किया जाएगा। टॉल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। जिस पर किसान अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते है। धान विक्रय हेतु किसी भी साइबर कैफे या जनसुविधा केंद्रों पर पंजीयन करा सकते है।
शांति समिति की बैठक हुई
बागपत। कलेक्ट्रेट सभागार में त्यौहारों को देखते हुए शांति समिति की बैठक हुई। अफसरों ने नवरात्र, महानवमी, दशहरा, दीपावली, मोहर्रम के त्यौहार पर भाईचारे और शांति से बनाने का आह्वान किया। कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। ऊर्जा निगम के अधिशासी अधिकारी और ईओ नगर पालिका से विद्युत और सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए। एडीएम लोकपाल सिंह, सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा, बीएसए योगराज सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।