बड़ौत (बागपत)।
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग प्रमुख सचिव/ जनपद बागपत नोडल अधिकारी आराधना शुक्ला ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय जलालपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामीणों की जो शिकायतें प्राप्त हुई हैं, अधिकारी इन्हें तत्काल निस्तारित करें। इस प्रकार की शिकायतें क्यों मिल रही हैं कहा अधिकारी अपनी कार्यशैली में बदलाव लाएं और सरकार की मंशा अनुसार कार्य कर रहे और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन जन जन तक पहुंचाने में अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी ने कहा ग्राम पंचायत का संचालन करने के लिए छह समितियां होती हैं। पंचायत की छह समितियां नियोजन एवं विकास समिति, शिक्षा समिति ,निर्माण कार्य समिति, स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति, प्रशासनिक समिति ,जल प्रबंधन समिति गांव में छह समिति हैं, सक्रियता के आधार पर छह समितियों के माध्यम से ग्राम पंचायतों में कार्य होना चाहिए। समिति का गठन को समय-समय पर जिला पंचायती राज अधिकारी अवलोकन करते रहे कि ग्राम पंचायत समिति के आधार पर ही ग्राम पंचायत में कार्य हो रहा है या नहीं। उन्होंने कहा समितियों को अधिक से अधिक सक्रिय किया जाए। जिससे कि कोई भी ग्रामीण संबंधित योजना से रह ना सके।
इस दौरान ग्रामीणों ने नाली में बह रहे गोबर, गांव के बीच में बने तालाब की चहारदीवारी, पेंशन ,शौचालय, जर्जर विद्युत लाइन को हटाने व नियमित रूप से 16-18 घंटे बिजली न मिलने की भी शिकायत नोडल अधिकारी से की। इस दौरान लोगों ने फूंके ट्रांसफार्मर के बदले कई लोगों पर अवैध वसूली का आरोप लगाकर हंगामा भी किया। जिस पर उन्होंने अधिशासी अभियंता सुधाकर, अवर अभियंता विकास सहित सीडीओ पीसी जायसवाल व डीपीआरओ आलोक शर्मा को निर्देश दिए कि जांच कर पात्रता के आधार पर योजना से लाभान्वित किया जाए। इसके उपरांत उन्होंने प्राथमिक विद्यालय जलालपुर का भी साथ निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम प्रधान शाहिद और हेडमास्टर को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक वॉशवेशन के पास हाथ धुलने के लिए साबुन अवश्य होना चाहिए। ताकि स्वच्छता का भी ध्यान रखा जा सके । उन्होंने कहा जिन बच्चों पर स्वेटर नहीं हैं, उन्हें स्वेटर दिए जाएं। बच्चों की पढ़ाई गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।
इस अवसर पर डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ,अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी पीसी जायसवाल ,उप संभागीय परिवहन अधिकारी सुभाष राजपूत, जिला विकास अधिकारी हुबलाल, सचिव भूपेंद्र, एडीओ आईएसबी जयपाल सिंह, एडीओ पंचायत रणधोल रहे। संचालन बीडीओ प्रेमचंद ने किया।
पेंशन न मिलने पर किया हंगामा
बड़ौत। प्रमुुुख सचिव के दौरान के दौरान ग्रामीणों ने जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य विभागों के अफसरों पर नियमित रूप से गांव में न आने का आरोप लगाया और कहा कि मैडम आप आए हो, इसलिए जिले के अधिकारी यहां पर आये है, अन्यथा यहां पर कोई झांकने तक नहीं आता।
बड़ौत डिपो का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था न होने पर भड़की
बड़ौत। जलालपुर गांव के दौरे से पूर्व प्रमुख सचिव ने बड़ौत डिपो का निरीक्षण किया। इससे कर्मचारियों मेें हड़कंप मच गया। सफाई व्यवस्था सही ढंग से न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही मुख्य मार्गों पर बसों का सही ढंग से संचालन करने के निर्देश दिए। लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। इसमें आरएम नीरज त्यागी, सेवा प्रबंधक एसएल शर्मा व एआरएम योगेंद्र पाल आदि रहे।