बड़ौत (बागपत)।
नगर और क्षेत्र मेें झोलाछाप डॉक्टर आम लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग मूकदर्शक बना हुआ है। इनके खिलाफ अभियान चलाया जाता है, लेकिन वह खानापूर्ति के लिए चलाया जाता है।
नगर के गली-मोहल्लों और क्षेत्र के वाजिदपुर, गुराना, हिलवाड़ी, औसिक्का, ईदरीशपुर, कोताना, जौनमाना, बावली, छछरपुर, गूंगाखेड़ी, बिजरौल समेत तमाम गांव मेें बिना डिग्री के झोलाछाप डॉक्टर अपनी दुकान चला रहे हैं। वे गांव के लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और उनकी जेब भी काट रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग को इन सबकी जानकारी है, लेकिन बताया जाता है कि वे प्रति माह उनसे रुपये की वसूली करते हैं और उन पर उनकी दया दृष्टि बनी हुई है। इन झोलाछाप डाक्टरों के कारण आए दिन मरीजों की हालत बिगड़ती है, लेकिन वे गांव का होने के कारण उन्हें मना लेते हैं। इस संबंध में डिप्टी सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने कहा झोलाछाप डाक्टरों के खिलाफ चिन्हित कर अभियान चलाया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।