बागपत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि तेजी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में देश में विकास हो रहा है। पूर्व की सरकारों ने प्रदेश को पिछले पायदान पर धकेला था, जाति के आधार पर बांटने, परिवार के नाम पर भ्रष्टाचार फैलाने, राजनीति के माध्यम से आपराधिक प्रवृति के तत्वों को छिपाने की प्रवृत्ति उत्तर प्रदेश में पनप चुकी थी। उन सभी को उबारकर उत्तर प्रदेश को विकास की नई बुलंदियों पहुंचाया है। योजनाओं का लाभ प्रदेश की 22 करोड़ जनता को प्राप्त हो सके, इसके लिए पूरी प्रतिबंधता के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है, वादा करते हैं कि गन्ने की पाई-पाई का भुगतान कराया जाएगा। प्रदेश की सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही बदमाशों ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा राज्य छोड़ दिया है। बदमाश यूपी में वारदात करने के बाद हरियाणा में छिप जाते थे। अब ऐसा नहीं हो रहा है। पुलिस के डर से अब बदमाश जेल से बाहर ही नहीं आना चाहते हैं। इस ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे को 500 दिन में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने बनाकर एक नई कार्य संस्कृति को जन्म दिया है। एनएचएआई ने सड़क परिवहन मंत्रालय के साथ मिलकर एक नई कार्यप्रणाली अपनाई है। किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान अब तक 21 हजार करोड़ हो चुका है। कोई किसान भुगतान से वंचित नहीं रहेगा। प्रदेश के गांवों के विकास महिलाओं के उत्थान और युवाओं तक रोजगार पहुंचाने को तत्पर है। किसान मसीहा एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की बागपत कर्मभूमि है और हम सभी को मिलकर उनके सपने को साकार करना होगा। किसान मसीहा को समर्पित रमाला चीनी मिल अगले सत्र से दोगुणा पेराई गन्ना लेगी, ताकि किसानों को गन्ना डालने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो सके।