आवेदन 35 हजार, 20 हजार को ही मिलेंगे नलकूप कनेक्शन
बागपत। नलकूप के कनेक्शन का इंतजार कर रहे किसानों को झटका लग सकता है। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने 14 जिलों के लिए 20780 नलकूप कनेक्शन के आवंटन का लक्ष्य निर्धारित किया है जबकि 14 अप्रैल तक ही 35727 किसानों के आवेदन फार्म लंबित हैं। बुलंदशहर को सबसे कम सिर्फ 50 कनेक्शन का लक्ष्य दिया गया है जबिक सबसे अधिक 5200 कनेक्शन संभल के किसानों को मिलेंगे।
नलकूप कनेक्शन के लिए पिछले कई सालों से मारामारी मची थी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने डार्कजोन खत्म कर किसानों के लिए नलकूप कनेक्शन खोल दिए थे। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने अपने क्षेत्र के 14 जिलों से 14 अप्रैल तक किसानों के आवेदन को आधार मानकर नलकूपों के लक्ष्य का जनपदवार आवंटन कर दिया है। पश्चिमांचल को कुल 49727 आवेदन फार्म मिले, जिनमें वर्ष 2017-18 में 14 हजार कनेक्शन दिए जा चुके हैं। अब 35727 किसानों के आवेदन शेष हैं, जिनमें केवल 20780 किसानों को ही नलकूप कनेक्शन दिए जाएंगे। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक तकनीकी राजकुमार की ओर से जिलेवार लक्ष्य भेज दिए गए हैं। एसई बागपत रामवीर सिंह का कहना है कि नलकूप के लिए लक्ष्य मिल चुका है, जल्द ही किसानों को आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
--------------
इनसेट
किसानों के आवेदन और लक्ष्य
जिला आवेदन लक्ष्य
मुरादाबाद 4345 2440
रामपुर 907 520
अमरोहा 7213 4000
संभल 8739 5200
बिजनौर 1406 1066
मेरठ 1073 620
बागपत 1415 830
गाजियाबाद 267 170
बुलंदशहर 65 50
हापुड 1319 734
मुजफ्फरनगर 3327 1900
शामली 2635 1500
सहारनपुर 2590 1500
नोएडा 426 250
--------------
इनसेट
पहले आओ, पहले पाओ
बागपत। आवेदन अधिक और लक्ष्य कम है। इसका समाधान भी पहले आओ और पहले पाओ के फार्मूले पर निकाला गया है। एसई रामवीर सिंह ने बताया कि जिन किसानों ने पहले आवेदन किया है, उन्हें पहले अवसर दिया जाएगा। अगर वह निर्धारित समय में कनेक्शन नहीं लेते हैं, तो दूसरे किसान को मौका दिया जाएगा। ऊर्जा निगम की टीम जांच कर कनेक्शन देने कार्य करेगी।
--------------
इनसेट
योगी ने रमाला में खत्म किए थे डार्कजोन
बागपत। पिछले वर्ष रमाला पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने डार्क जोन खत्म कर नलकूप कनेक्शन देने का एलान किया था। इसके बाद पश्मिांचल में ही हजारों किसानों को कनेक्शन दिए गए।
--------------
वर्जन-1 :
बागपत विधायक योगेश धामा का कहना है कि कनेक्शन दिए जाने से किसानों को लाभ होगा। सरकार की मंशा किसानों का भला करने की है। पश्चिमंाचल क्षेत्र में जरूरत के हिसाब से कनेक्शन बढ़वाए भी जा सकते हैं।